कानपुर देहात रसूलाबाद। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं के बीच ग्राम पंचायत मकरंदपुर कहींजरी में सोमवार को भीषण आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। आग की चपेट में आकर लगभग 20 बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई तो वहीं करीब 25 बीघा क्षेत्र में पड़ी कंबाइन से कटी फसल के अवशेष भी राख हो गए। अज्ञात कारणों से अचानक उठी आग की लपटों को देख गांव में अफरा तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तेज हवा के कारण लपटें तेजी से खेतों में फैलती चली गईं।read more:https://worldtrustednews.in/ayurvedic-room-locked-for-a-year-patients-forced-to-return-due-to-lack-of-medicine/
ग्रामीण ट्यूबवेल पाइप के सहारे पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे लेकिन आग विकराल रूप लेती गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही असालतगंज जिला पंचायत सदस्य विश्राम सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसानों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।गौरतलब है कि क्षेत्र में इस समय आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस सीजन में अब तक गेहूं की फसलों में आग लगने से सैकड़ों बीघा फसल जलकर नष्ट हो चुकी है जिससे किसानों में चिंता का माहौल बना हुआ है।लेखपाल अंकित कुशवाहा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।