निर्माण के नौ दिवस’ में सजी आत्मनिर्भरता की झलक, सरस मेले में महिला शक्ति का दमखम

गाजीपुर । उत्तर प्रदेश सरकार के “नौ निर्माण के नौ दिवस” कार्यक्रम के तहत आज ऑडिटोरियम परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत भव्य सरस मेला एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों से आत्मनिर्भर भारत की मजबूत तस्वीर पेश की।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, वहीं स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।सबसे पहले मुख्य अतिथि ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री व वस्त्र उत्पादों की सराहना करते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान समूह की महिलाओं के कार्यों में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की झलक साफ नजर आई।उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बीते नौ वर्षों में हुए कार्यों और योजनाओं की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।मुख्य अतिथि सपना सिंह ने कहा कि यह सरस मेला केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, कन्या सुमंगला योजना और मिशन शक्ति ने गांव-गरीब, किसान और महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है।उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” को अपनाने की अपील करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की रीढ़ बन चुके हैं। उन्होंने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दिए जाने को सराहनीय बताया और महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी सुबास चन्द्र सरोज ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *