प्रेस वार्ता में सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियां रखीं सामने, गाजीपुर में विकास कार्यों की दी जानकारी

गाजीपुर : भारत सरकार के 11 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद गाजीपुर में प्रभारी मंत्री एवं स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह स्थित गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और गाजीपुर भी इससे अछूता नहीं रहा। उन्होंने जिले में हुए प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 208.85 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज तथा 9.99 करोड़ से नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का कार्य कराया गया है।उन्होंने बताया कि वाराणसी-गोरखपुर हाईवे के चौड़ीकरण, ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे निर्माण, तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत 35 किमी सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों से जनपद की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। वहीं मऊ-ताड़ीघाट रेल परियोजना के तहत गाजीपुर सिटी को जोड़ने वाली रेलवे लाइन चालू हो चुकी है, जिसमें गंगा नदी पर रेल कम रोड ब्रिज भी शामिल है।स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि जिले में 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के अकादमिक ब्लॉक व छात्रावास, आईटीआई कॉलेज, ऑडिटोरियम, ड्रग वेयरहाउस सहित कई परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। साथ ही सीवरेज योजनाओं (फेज-1 और फेज-2) तथा पेयजल पुनर्गठन योजना पर तेजी से कार्य जारी है।आवास योजनाओं का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 80,519, शहरी में 11,134 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 15,139 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराया गया। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 4,65,150 किसानों को आर्थिक सहायता दी गई।कृषि एवं सामाजिक योजनाओं की प्रगति बताते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के ऋण मोचन योजना के तहत 55,983 किसानों का कर्ज माफ किया गया। इसके अलावा लाखों मीट्रिक टन गेहूं और धान की खरीद की गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों शौचालयों का निर्माण हुआ और निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों व दिव्यांगजनों को नियमित पेंशन दी जा रही है।मंत्री ने यह भी बताया कि जनपद में जनधन खाते, अटल पेंशन योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए लाखों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण भी किया गया है।प्रेस वार्ता के दौरान विधायक जखनियां बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *