सरकार ने जो संकल्प लिया उसे धरातल पर उतारकर जन-जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही हमारा उद्देश्य:-कपिल देव अग्रवाल 

बिजनौर । संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा, सुशासन एवं समृद्धि” के उद्देश्य को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत समृद्धि के नव वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को इंदिरा बाल भवन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बिजनौर प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश कपिल देव अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “संकल्प से सिद्धि” केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की कार्यशैली और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सरकार ने जो संकल्प लिया है, उसे धरातल पर उतारकर जन-जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही हमारा उद्देश्य है।उन्होंने कहा कि सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए ऐसा वातावरण बनाया गया है, जहां आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित सेवा ही अच्छे शासन की पहचान है। सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को सरल और सुलभ बनाकर आम नागरिक तक बिना भेदभाव के पहुँचाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास तभी संभव है जब हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, व्यापारी—सशक्त और आत्मनिर्भर बने। इसी दिशा में सरकार निरंतर प्रयासरत है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और आर्थिक विकास को नई गति मिले।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए, जिससे प्रदेश की समृद्धि एवं विकास की गति और अधिक तेज हो सके।कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री जी द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं उन्हें योजनाओं का लाभ देकर लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर मंत्री जी ने लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए तथा कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे। मंत्री जी द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मंत्री जी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। उसके बाद प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश कपिल देव अग्रवाल द्वारा शाम 3:30 बजे कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में प्रेस वार्ता की गई। इस दौरान  मंत्री जी द्वारा उप्र सरकार की उपलब्धियों, कीर्तिमान और सफलताओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भाजपा भूपेंद्र सिंह चौहान, मा. एमएलसी अशोक कुमार जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त ने एनआरएलएम सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि तथा भारी संख्या में आमजन मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *