बाराबंकी। जिले के रामनगर स्थित प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए सुरक्षा और सेवा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सोमवार को नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के 54 स्वयंसेवकों को पूरे सावन मेले के लिए मंदिर परिसर, शिव अभरण सरोवर और संपूर्ण मेला क्षेत्र में तैनात किया गया है। ये स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को जानकारी देने, भीड़ नियंत्रण, मार्गदर्शन और आपातकालीन सहायता प्रदान कर रहे हैं। इन स्वयंसेवकों की ड्यूटी मंदिर के गर्भगृह के आसपास, प्रमुख मार्गों, सरोवर, मेला क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगाई गई है। ड्यूटी के दौरान उन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन्हें सेवा कार्यों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण का व्यावहारिक अनुभव दिलाना है।read more:https://pahaltoday.com/9-militants-arrested-in-manipur-weapons-and-6-ieds-recovered/
नागरिक सुरक्षा उप नियंत्रक नवीन सेठ और उत्तर प्रदेश के चीफ वार्डन के निर्देशन में सभी स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण में श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार, आपातकालीन सहायता, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है। पहचान के लिए सभी स्वयंसेवकों को पीले रंग की टी-शर्ट और एनसीसी की निर्धारित वर्दी दी गई है। उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी के निर्देशानुसार, सिविल डिफेंस की टीम प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक दूर-दराज से आने वाले भक्तों की हर संभव सहायता करेंगे और इस दौरान महत्वपूर्ण अनुभव भी प्राप्त करेंगे।