गाजीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में रविवार को तुलसी सागर स्थित गौरीशंकर पब्लिक स्कूल में जनपद स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 266 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई आकर्षक मेहंदी की डिजाइन देखकर निर्णायक मंडल को विजेताओं के चयन में काफी मशक्कत करनी पड़ी।प्रतियोगिता को कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में विभाजित किया गया था। प्रतिभागियों ने पारंपरिक डिजाइनों के साथ अपनी कल्पनाशीलता का प्रयोग करते हुए हथेलियों पर आकर्षक आकृतियां और मेहंदी की सुंदर डिजाइन उकेरी। मूल्यांकन में डिजाइन की सुंदरता, कलात्मकता, साफ-सफाई और निर्धारित समय में बेहतर प्रदर्शन को आधार बनाया गया।प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए गठित तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल में नूर आफसा परवीन, शिवांगिनी कश्यप और पूजा वर्मा शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की मेहंदी का बारीकी से निरीक्षण कर परिणाम तैयार किया।क्लब सचिव रामनाथ कुशवाहा ने प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया। कनिष्ठ वर्ग में मार्टर मेमोरियल स्कूल, जंगीपुर के अभयदीप कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय की आराध्या गुप्ता और एमजेआरपी पब्लिक स्कूल की आराध्या वर्मा संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteलुडर्स कॉन्वेंट स्कूल की आस्था जायसवाल और गौरीशंकर पब्लिक स्कूल की आराध्या राज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंशिका, रोली शर्मा और संगीता बिन्द्रा को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।वरिष्ठ वर्ग में सनराइज चिल्ड्रेन एकेडमी, पखनपुरा की रोजी बानो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लुडर्स कॉन्वेंट स्कूल की रानी कुमारी द्वितीय रहीं। एसएमएन इंटर कॉलेज, मच्छटी की सनाया खान और लुडर्स कॉन्वेंट स्कूल की श्रेया यादव संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। इस वर्ग में एमजेआरपी पब्लिक स्कूल की रितु, सनराइज चिल्ड्रेन एकेडमी की फलक नाज और अंतिमा कुमारी को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में प्रतिभागियों और उनके साथ आए लोगों में उत्साह का माहौल रहा। परिणाम घोषित होने के बाद विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई।कार्यक्रम में वेलफेयर क्लब के उपाध्यक्ष सत्यदेव दूबे, जनपद गवर्नर पवन कुमार पाण्डेय, डॉ. जितेंद्र कुमार, गोपी सिंह कुशवाहा, प्रमोद बिन्द और अजय यादव सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। क्लब के संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने अतिथियों, निर्णायक मंडल और प्रतिभागियों का स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में क्लब के सदस्यों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।