गाज़ीपुर। शहर के रजदेपुर न्यू कॉलोनी में मंगलवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। अपने ननिहाल आई 8 वर्षीय जिकरा, पुत्री इरशाद अहमद उर्फ गुड्डू, घर की छत पर अपनी हमउम्र सहेलियों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान छत से सटकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने बच्ची को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का परिणाम है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि जिस हाईटेंशन लाइन से यह दुर्घटना हुई है, वह लंबे समय से मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रही है। इससे पहले भी इसी लाइन की वजह से दो गंभीर हादसे हो चुके हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत देकर लाइन को हटाने या सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय जिकरा के साथ खेल रही अन्य बच्चियां समय रहते तार से दूर हट गईं, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। मोहल्लेवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन लाइन को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।