दो लग्जरी वाहनों से 1.204 किलो हेरोइन बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार

चोपन, डाला और एसओजी पुलिस की संयुक्त टीम को वाहन चेकिंग के दौरान मिली कामयाबी सोनभद्र। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि अभियान में सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोपन थाना, डाला चैकी और एसओजी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लग्जरी वाहनों में छिपाकर लाई जा रही 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 40 लाख 80 हजार रुपए है।कार्रवाई 17 अगस्त को बासकटवा रेलवे ब्रिज के पास की गई। पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज की ओर से दो वाहनों में हेरोइन की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध थार और क्रेटा वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में थार से 696 ग्राम और क्रेटा से 508 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने छह मोबाइल फोन और 1,550 रुपए नकद भी बरामद किया। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन, वाहनों और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपए है।

read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
लखनऊ से लाते थे खेप, अनपरा-ओबरा में थी सप्लाई
पूछताछ में पुलिस को तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार आरोपी लखनऊ से हेरोइन खरीदकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। बरामद खेप को अनपरा और ओबरा क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी। जांच के दौरान पुलिस ने अनपरा क्षेत्र में फुटकर स्तर पर हेरोइन की बिक्री करने वाले एक अन्य आरोपी दीपक साहू को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सुधीर कुमार उर्फ छोटू और सूरज उर्फ अभिषेक के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इससे पुलिस को गिरोह के पुराने आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने का भी पता चला है।
छह आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष जायसवाल (27), धर्मवीर (27), सुधीर कुमार उर्फ छोटू (35), सूरज उर्फ अभिषेक (26), जितेन्द्र कुमार (24) और दीपक साहू के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी डाला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जबकि दीपक साहू अनपरा क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने मामले में थाना चोपन में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। अब पुलिस हेरोइन की सप्लाई के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। खेप कहां से खरीदी गई, इसके पीछे कौन-कौन लोग हैं और सोनभद्र में इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी, इन बिंदुओं पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *