नाले की सफाई न होने पर सिर मुंडवाकर धरने पर बैठा युवक

बाराबंकी। रामनगर विकासखंड अंतर्गत अनूपगंज कस्बे में वर्षों से नाले की सफाई न होने से परेशान एक ग्रामीण ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण अताउर्रहमान ने सिर मुंडवाकर अर्धनग्न अवस्था में गांव में धरना शुरू कर दिया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएगा। यह प्रदर्शन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। धरने पर बैठे अताउर्रहमान का आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय से महुआ तालाब तक जाने वाला नाला कई वर्षों से साफ नहीं कराया गया है। नाले में गंदगी और जलभराव के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।read more:https://pahaltoday.com/the-consumer-commission-settled-the-matter-by-giving-a-cheque-of-rs-55040/ ग्रामीणों का कहना है कि नाले की सफाई न होने से मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पूरे इलाके में बदबू फैली रहती है। संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। बरसात के दौरान घरों में पानी भरने की आशंका रहती है। वहीं अताउर्रहमान का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान इरशाद और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद नाले की सफाई नहीं कराई गई, जिससे मजबूर होकर उन्हें धरना देने जैसा कदम उठाना पड़ा। धरने के दौरान अताउर्रहमान ने कहा कि यदि तत्काल नाले की सफाई शुरू नहीं कराई गई तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम सचिव को नाले की सफाई कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जेसीबी अथवा अन्य मशीनों की मदद से नाले की सफाई कराई जाएगी ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या का समाधान हो सके। प्रशासन के आश्वासन के बाद अब ग्रामीणों की निगाहें नाले की सफाई शुरू होने पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *