मार पीट में घायल युवक की मौत,परिजनों का हंगामा

बड़हलगंज: स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बगहा गांव में कुछ दिन पूर्व हुई मारपीट में घायल युवक सूरज की इलाज के बाद घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।युवक की मौत के बाद परिजनों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए शव का दाह-संस्कार करने से इनकार कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर चार थानों की पुलिस बल तैनात की गई है।read more:https://pahaltoday.com/bangladesh-foreign-minister-who-met-jaishankar-said-send-sheikh-hasina-back/
यह है पूरा मामला
परिजनों के अनुसार, बीते 21 जून की शाम करीब 8 बजे बगहा गांव निवासी सूरज अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान दिस्तौलिया चौराहे पर नेतवार पट्टी निवासी प्रेम यादव ने उसे रोक लिया। आरोप है कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए आरोपी ने लाठी-डंडों से सूरज पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसका बायां हाथ टूट गया और गंभीर चोटें आयी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद बड़हलगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी प्रेम यादव के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था।
परिजनों का आरोप और भीम आर्मी का समर्थन
तीस जून को अस्पताल से लौटे युवक सूरज ने दम तोड़ दिया। युवक की मृत्यु के बाद कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मृतक के परिजनों का सीधा आरोप है कि सूरज पिटाई से बुरी तरह घायल थे और उसी कारण उनकी सेहत बहुत बिगड़ जाने के कारण जान चली गई है।आक्रोशित परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर शव का दाह-संस्कार करने से साफ मना कर दिया है। इस बीच घटना की सूचना मिलते ही भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा है,जिसमें दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की बात कही गई है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
युवक की मौत के बाद गांव में अत्यधिक भीड़ जमा हो गई, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए गोला, गगहा,बड़हलगंज समेत चार  थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात कर दिया। एसडीएम गोला अमित कुमार जायसवाल को परिजनो ने एक मांग पत्र सौंपा जिसमें मृतक के परिजन को पचास लाख नगद, एक सरकारी नौकरी व अभियुक्त की गिरफ्तारी की मांग की। एसडीएम गोला व सीओ गोला दरवेश कुमार ने परिजनों को समझाने-बुझाने और मामले को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्यवाई करने का भरोसा दिया। उसके बाद पुलिस फोर्स व प्रशासनिक अधिकारियो की मौजूदगी में शव का दाह-संस्कार करा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *