गाजीपुर बहादुरगंज/कासिमाबाद। बहादुरगंज नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-दो, नदी उस पार स्थित मोहल्ले में सोमवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब ससुराल में रह रहे एक व्यक्ति का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/road-development-in-farrukhabad-gains-momentum-comprehensive-review-of-action-plan-for-2026-27/
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश राजभर (45) पुत्र सनेही राजभर, निवासी उमरहुआ तालेपुर, जीयनपुर जनपद आजमगढ़, पिछले कुछ समय से अपनी ससुराल में रह रहे थे। बताया जाता है कि देर शाम वह अपने कमरे में थे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उनकी पुत्री सरस्वती ने दरवाजा खटखटाया और पिता को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
पुत्री द्वारा लगातार आवाज लगाने और दरवाजा पीटने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह घबरा गई और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे के भीतर ओमप्रकाश राजभर का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की।इस संबंध में कासिमाबाद कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने दबी जुबान में पारिवारिक एवं घरेलू कलह की चर्चाएं भी कीं। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।