गला रेतकर युवक की निर्मम हत्या, घर में मचा कोहराम

बाराबंकी। कुर्स थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब लखनऊ-बाराबंकी सीमा पर स्थित श्रीराम पुरवा गांव के पास एक 22 वर्षय युवक का गला रेता हुआ शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला। युवक शुक्रवार रात घर से निकला था और उसके बाद से लापता चल रहा था। शनिवार सुबह उसका शव गांव से करीब 300 मीटर दूर खेत में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीराम पुरवा गांव निवासी छविनाथ रावत का 22 वर्षय पुत्र मिथुन रावत शुक्रवार 6 मार्च 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे घर से बाहर निकला था। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। रात भर खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण फिर से उसकी तलाश में निकले तो गांव से करीब 300 मीटर दूर एक गेहूं के खेत में युवक का शव पड़ा मिला, जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई है।rewad more:https://pahaltoday.com/dr-annu-tyagi-women-are-the-backbone-of-every-family/  मृतक के सीने पर भी धारदार हथियार के गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद निर्ममता से वारदात को अंजाम दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। युवक के शव की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनका करुण विलाप सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर युवक के शव के पास एक शराब की बोतल, एक पानी की बोतल, सिगरेट की डिब्बी और एक टोपी पड़ी मिली है। इन चीजों के मिलने से आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा कोई पूर्व परिचित हो सकता है, जिसने पहले युवक को शराब पिलाई और उसके नशे में आने के बाद धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चंद्र त्रिपाठी और कुर्स थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात घटनास्थल के पास मृतक को गांव के ही एक व्यक्ति बाबा अघोरी के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतक के परिवार की गांव के कुछ लोगों से पुरानी रंजिश भी चल रही थी, इसलिए पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *