गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा और बिक्री के 840 रुपये बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान टीम तिकौना पार्क, बंगाली कॉलोनी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक महिला को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला की पहचान साहिदा उर्फ मुन्नी (28 वर्ष) पत्नी आसिफ, निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई।पुलिस ने मौके से ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना शालीमार गार्डन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह अपनी साथी शबनम पत्नी कल्लू के साथ मिलकर दिल्ली से गांजा खरीदकर लाती थी। इसके बाद गाजियाबाद और सीमापुरी इलाके में नशा करने वाले लोगों को बेचती थी। पुलिस के मुताबिक, शबनम फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।