श्रीनगर। केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में रेल संपर्क को मजबूत कर वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का विस्तार किया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जम्मू तवी से जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले यह ट्रेन श्रीनगर से कटरा के बीच चलती थी, लेकिन अब ट्रेन को बढ़ाकर जम्मू तक किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत नियमित ट्रेन सेवा 2 मई से शुरू होगी। करीब 266 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन अब जम्मू से श्रीनगर तक का सफर करीब 4 घंटे 50 मिनट में पूरा करेगी, जिससे यात्रियों का समय काफी बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन संख्या 26401 सुबह 6:20 बजे जम्मू से रवाना होकर 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 26402 दोपहर 2 बजे श्रीनगर से चलकर शाम 6:50 बजे जम्मू पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जून 2025 में सेवा की शुरुआत के बाद यात्रियों की बढ़ती मांग को देखकर ट्रेन के कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 की गई है। इससे अधिक यात्रियों को यात्रा का लाभ मिल सकेगा।read more:https://pahaltoday.com/two-warrantees-were-arrested-by-madanpur-police-station-and-one-warrantee-was-arrested-by-talbehat-police-station/ इस वंदे भारत एक्सप्रेस में आधुनिक तकनीकों का समावेश हुआ है। ट्रेन में ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही इस ट्रेन को विशेष रूप से इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी सुचारु रूप से संचालित हो सके। रेलवे मंत्रालय का मानना है कि विस्तार से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के लिए आवागमन अधिक आसान और तेज होगा।