युद्ध में अमेरिका-इजराइल की रणनीति असफल, ईरान ने दबाव को ताकत में बदला

-ईरानी राजदूत ने कहा- अगर हम पर हमले हुए तो “कुचल देने वाले हमले” करेंगे

नई दिल्ली. दिल्ली में तैनात ईरानी राजदूत मोहम्मद फथाली ने अमेरिका और इजराइल के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा युद्ध में अमेरिका और इजराइल की रणनीति असफल साबित हो रही है।ईरानी राजदूत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दुनिया भर के कई थिंक टैंक्स के विश्लेषण से यह साफ हो रहा है कि यह अभियान “रणनीतिक विफलता” की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान ने दबाव को सहन करते हुए उसे अपनी ताकत में बदल दिया है। फथाली ने यह भी कहा कि ईरान की सभ्यतागत ताकत उसे लंबे समय तक संघर्ष करने की क्षमता देती है और यही उसकी रणनीतिक बढ़त बन रही है। इस बीच ईरान की सेना ने भी सख्त चेतावनी दी है। सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि अगर अमेरिका ने हमले जारी रखे, तो जवाब में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों पर “कुचल देने वाले हमले” किए जाएंगे। यह चेतावनी खास तौर पर उन देशों के लिए भी है, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। ईरान ने साफ कहा है कि ऐसे देश भी हमलों का निशाना बन सकते हैं। दरअसल, यह पूरा तनाव तब और बढ़ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के पुलों, बिजलीघरों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने की धमकी दी। उन्होंने यहां तक कहा कि जरूरत पड़ी तो ईरान को “स्टोन एज” तक पहुंचा देंगे। कुल मिलाकर मिडिल ईस्ट में हालात बहुत तनावपूर्ण हैं, जहां एक तरफ युद्ध तेज हो रहा है और दूसरी तरफ बयानबाजी से स्थिति और भड़क रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *