भदोही। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपी टीईटी-2026 का अंतिम चरण शनिवार को जनपद में पूर्णतः सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए डीएम शैलेश कुमार एवं एसपी अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रॉन्ग रूम एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि शासन एवं आयोग की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही।read more:https://pahaltoday.com/on-the-147th-foundation-day-of-the-bjp-workers-lit-lamps-and-paid-tribute-to-great-men/प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया गया। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों को सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सुरक्षा सुदृढ़ रखी गई। जनपद में यूपी टीईटी-2026 के दोनों दिवसों की परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। प्रथम पाली में कुल 3072 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2825 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए जबकि 247 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। डीएम एवं एसपी ने परीक्षा के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कर्तव्यनिष्ठा व अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।