जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन पर एडीएम सिटी श्री विकास कश्यप की अध्यक्षता में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आहूत, दिए आवश्यक दिशा—निर्देश

गाजियाबाद। जनपद में मादक पदार्थों (नारकोटिक्स) की बिक्री व तस्करी के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन पर एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई।जनपद गाजियाबाद में छात्र-छात्राओं के सुरक्षित एवं स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने विद्यालयों के आसपास नशे से संबंधित दुकानों के संचालन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों के निर्धारित दायरे में किसी भी प्रकार की शराब, तंबाकू या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के समीप नशे की दुकानों का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अतः ऐसे मामलों में संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस संबंध में नियमित निरीक्षण किया जाए तथा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को एक सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान किया जा सके।उन्होने निर्देश दिए कि जनपद में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान संचालित किए जाएं। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को अवगत कराएं, जिससे समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान औषधि निरीक्षक जनपद-गाजियाबाद ने अवगत कराया कि पूर्व के आदेशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में नशे की रोकथाम पर किये गये कार्य में जनपद में मनप्रभावी औषधि के अवैध व्यापार के विरुद्ध अभियान चलाते हुये दिनांक 18.07.2026 को एन० सी० बी० जम्मू के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुये कौशाम्बी स्थित प्रवीन मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की कार्यवाही करके लगभग 70000/ की नशीली औषधियों को सीज करके 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा उक्त मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गयी। जनपद-गाजियाबाद के इन्द्रापुरम स्थित थोक विक्रेता के प्रतिष्ठान से संदेह के आधार पर 08 औषधियों के नमूने संगृहीत करके जाँच हेतु राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ को प्रेषित किया गया तथा 192000/ कीमत की औषधियों को नमूनों की जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने तक फ्रीज किया गया।पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व संयोजक जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समिति द्वारा अपनी रिर्पेाट के माध्यम से अवगत कराया गया कि ​दिनांक 21 ​जुलाई से 21 अगस्त 2026 तक मादक पदार्थ बरामदगी में 281.78 किलो गांजा की बरामदगी की गई तथा 20 अभियोग पंजीकृत कराते हुए 32 महिला/पुरूष गिरफ्तार किये गये। इसके साथ ही कोटपा एक्ट की बरामदगी में हुक्का, पाईप, फ्लेवर्ड तम्बाकू व कायेला में 01 अभियोग पंजीकृत करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स सेल, खाद्य विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर, डीपीओ, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, यातायात विभाग के अधिकारी/प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *