भारत-नेपाल सीमा पर दो युवक स्मैक के साथ गिरफ्तार

बहराइच ( मिहिपुरवा )। भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों युवक बहराइच शहर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 30 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।जानकारी के अनुसार थाना मोतीपुर क्षेत्र के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर स्थित लौकाही बलाई गांव के पास 59वीं वाहिनी एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान बहराइच शहर के मोहल्ला सालारगंज निवासी अर्श खान पुत्र वसीम खान के पास से 14 ग्राम स्मैक और मोहल्ला काजीपुरा निवासी अमन पुत्र दीपू सिंह के पास से 16 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद एसएसबी ने दोनों आरोपियों को बरामद माल के साथ थाना मोतीपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।थाना मोतीपुर प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बहराइच रामनयन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा के निर्देशन में बॉर्डर क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दोनों संदिग्धों को पकड़कर उनके पास से 30 ग्राम स्मैक बरामद की गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपियों के पास से एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *