म्योरपुर, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान हिमांशु उम्र 25 वर्ष निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। वह नधिरा स्थित डाकघर में ब्रांच पोस्टमास्टर के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह नधिरा से अपने किराए के मकान बभनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और डाक कर्मियों की मदद से घायल को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां डा. पल्लवी सिन्हा ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।