फर्जी छेड़छाड़ के आरोप और ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने की आत्महत्या, सीआईएसएफ परीक्षा देने वाला था

 गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के असांव गांव में बेइज्जती और ब्लैकमेलिंग से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई चादर को भी कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान गगरन गांव निवासी 22 वर्षीय गुलशन गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुलशन होली के अवसर पर घर आया हुआ था और कुछ दिनों बाद उसे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की परीक्षा देने जाना था। परिवार के लोग उसके भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें लगाए हुए थे, लेकिन इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।read more :https://khabarentertainment.in/pt-govind-ballabh-pant-took-many-steps-for-the-development-and-improvement-of-uttar-pradesh-chief-minister-yogi/
मृतक के छोटे भाई संजीव गुप्ता ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने गुलशन पर झूठा छेड़छाड़ का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दे दी थी। इसके बाद कथित तौर पर आरोप लगाने वाले लोग उससे पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। आरोप है कि पैसे न देने पर उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।परिजनों के अनुसार इन आरोपों और सामाजिक बदनामी के डर से गुलशन काफी दिनों से मानसिक तनाव में था। पुलिस कार्रवाई और विरोधी पक्ष के दबाव से बचने के लिए वह असांव गांव में अपने एक मित्र के घर छिपकर रह रहा था। लगातार मिल रही धमकियों और बढ़ते मानसिक दबाव के चलते उसने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।घटना की जानकारी मिलते ही नगसर हाल्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से फंदे में इस्तेमाल की गई चादर को भी बरामद कर लिया है और कमरे को सील कर दिया गया है।थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *