सोनभद्र। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गोविंद चैबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की तरह अटल कैंटीन शुरू करने के लिए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद को मांग पत्र सौंपा। मौके पर जिलाध्यक्ष रमेश गौतम भी उपस्थित रहे।वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोविंद चैबे ने कहा कि सोनभद्र क्षेत्रफल की दृष्टि से काफी फैला हुआ जनपद है, जहां ज्यादातर दलित आदिवासी जनपद के सुदूर क्षेत्रों से झीलों खमरिया, नेमना, सिंदूर, जरहा, कोन कचनरवा, विंढमगंज, खलियारी, लहास, घुवास जैसे दूर दराज से गरीब रॉबर्ट्सगंज आते हैं। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय के साथ साथ कचहरी और संयुक्त जिला चिकित्सालय भी रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में हैं। सैकड़ों की संख्या में गरीब, अति गरीब नागरिकों को नियमित आना जाना रहता है। अटल कैंटीन जैसी योजना से गरीब लाचार, मेहनतकश श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो जाएगा। इनके जीवन को अधिक सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया जा सकेगा। जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ने दिल्ली में अटल कैंटीन चलाकर खूब न्यूज मीडिया में वाहवाही ले रही है। ट्रिपल इंजन यहां रॉबर्ट्सगंज में भी है। हमारी मांग है कि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद भी ऐसी योजना रॉबर्ट्सगंज में शुरू कराए। पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज के अलावा ओबरा, डाला, अनपरा, रेणुकूट जैसे नगर पंचायतों में भी इस योजना को चलाना चाहिए। जहां गरीबों को दोपहर का भोजन और रात का भोजन मिल सके। मौके पर अनवर अली अंसारी, राजेंद्र मौर्या, समीर खान, शमशाम अली, नागेंद्र मौर्या आदि मौजूद रहे।