एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत चिल्काटांड़ में हुआ पौधारोपण

शक्तिनगर, सोनभद्र। ग्राम पंचायत चिल्काटांड़ में सोमवार को स्वच्छता पखवाड़ा एवं एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत पंचायत भवन परिसर में पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम प्रधान हीरालाल के नेतृत्व तथा एनसीएल खड़िया परियोजना के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लिया।read more:https://pahaltoday.com/retired-officers-house-in-up-notes-everywhere-currency-found-scattered-everywhere/
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को फलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया तथा पंचायत परिसर में पौधारोपण भी कराया गया। ग्राम प्रधान हीरालाल ने पौधों के महत्व, वैज्ञानिक ढंग से रोपण एवं उनकी नियमित देखभाल की जानकारी देते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ एवं विकसित समाज की आधारशिला हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सकेगा। ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत को स्वच्छ और हरित बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधे ग्रहण किए और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा जताया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हीरालाल एवं एनसीएल खड़िया के प्रयासों की ग्रामीणों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *