बहराइच ( विशेश्वरगंज )।विकास क्षेत्र के लखनपुर गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव के बीचों-बीच स्थापित 16 केवीए क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार फुंक जाने से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार 16 केवीए क्षमता के इस ट्रांसफार्मर पर लगभग 80 से 90 विद्युत कनेक्शन जुड़े हुए हैं। क्षमता से अधिक भार होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहा है। शनिवार को नाराज ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और एसडीओ अश्वनी कुमार पांडे को ज्ञापन सौंपकर गांव में 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि कम क्षमता का ट्रांसफार्मर होने के कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर जलने के बाद उसे बदला तो गया, लेकिन नया ट्रांसफार्मर भी महज दो दिन के भीतर फुंक गया। इससे साफ है कि वर्तमान क्षमता का ट्रांसफार्मर गांव के विद्युत भार को वहन करने में सक्षम नहीं है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी पहले ही विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर तबरेज खान को दे दी गई थी, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। अब बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने मानकों के अनुरूप पर्याप्त क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है।read more:https://pahaltoday.com/the-strait-of-hormuz-will-not-be-opened-by-agreement-alone-removing-marine-mines-will-take-time/ज्ञापन देने वालों में हृदय नारायण साहू, विजय गुप्ता, सदाशिव, मुन्नी देवी, रामवती, निर्मला, धर्मराज, सुगना, सलीम मनिहार, जोखू रावत, मुंशीलाल मौर्य, जीवनलाल मौर्य, सोमई वर्मा, सोना देवी, जाकरून, देवनारायण, राघवेंद्र, शंकर, कैलाश साहू, जोखूराम, हनीफ, सलीम खां, खलील, रक्षाराम, ननकू वर्मा, संदीप, गंगाराम चौकीदार, रामसजन मौर्य, छेदीराम मौर्य, बाबूराम साहू, किशनलाल साहू, ननके साहू, जुम्मन, अनीस, मुन्ना, बाबूराम, बाबादीन सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।जूनियर इंजीनियर तबरेज खान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। वहीं, एसडीओ अश्वनी कुमार पांडे मौके पर मिले उन्होंने बताया कि गांव में 25 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित कराने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गांव में लगे अन्य ट्रांसफार्मरों से लोड का वितरण कर शनिवार शाम तक गांव की विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।