गाजीपुर – जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संशोधित आदेश दिनांक 10 अप्रैल 2026 के तहत त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली 2025 के वृहद पुनरीक्षण हेतु नया कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों के कंप्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्रों और स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची डाउनलोडिंग तथा फोटो प्रतियां तैयार कराने का कार्य 21 अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल 2026 को जनसामान्य के लिए किया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन एवं नियंत्रण में तैयार की जाएगी और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाशों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और तय कार्यक्रम के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।