गाजीपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत रायफल क्लब परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य शुभारंभ गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है।उद्घाटन अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, युवा नेता अभिनव सिन्हा, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई गई।
प्रदर्शनी में युवा, महिला, किसान, गरीब एवं वंचित वर्गों के लिए संचालित योजनाओं के साथ-साथ एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, ग्रामीण विकास तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम वाराणसी एवं महाकुंभ प्रयागराज जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास कार्य भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, पुलिस आधुनिकीकरण तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन से संबंधित जानकारियां भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई हैं। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट के साथ बनाए गए सेल्फी प्वाइंट आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी को भी लोगों ने खूब सराहा। वहीं उद्योग, ग्रामोद्योग, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, मत्स्य, वन, डाक, पुलिस, आपदा प्रबंधन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई।read more:https://pahaltoday.com/50-thousand-devotees-performed-darshan-and-puja-at-gadbadra-dham/संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से मेले का माहौल उत्सवमय बना हुआ है।इस अवसर पर अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास प्रदर्शनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलेगी और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ लेने की प्रेरणा प्राप्त होगी।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि विकास प्रदर्शनी 18 से 20 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।