सोनभद्र। बढ़ती महंगाई व एलपीजी गैस के मूल्य में बढ़ोत्तरी को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रमेश गौतम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह एवं पूर्व वरिष्ठ काशी प्रांत उपाध्यक्ष नीरज पांडेय मौके पर मौजूद रहे।पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रही है।read more:https://pahaltoday.com/pradhan-hemlata-patel-will-be-honored-in-delhi-success-story-will-be-shown-in-the-national-conference/#google_vignette आम आदमी पार्टी का मानना है कि यह महंगाई केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम है, जिसका सबसे बड़ा बोझ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रूपए की वृद्धि ने आम जनता समेत छोटे व्यापारियों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालक खासे परेशान है। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और लगभग 50 प्रतिशत तक बंद होने के कगार पर है। तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं, जबकि पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। गुजरात के मोरबी में लगभग 650 उद्योगों में से करीब 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे लगभग एक लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस और पारदर्शी नीति लागू की जाए। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान की जाए। महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे। मौके पर राजेश कुमार, राजेंद्र मौर्या, ललित पटेल, प्रेम कन्नौजिया, संदीप कुमार, शंकर निषाद, श्रीकांत त्रिपाठी, वशिष्ठ पनिका आदि मौजूद रहे।