महराजगंज तराई (बलरामपुर)रसोई गैस सिलिंडर पाने के लिए गैस एजेंसियों पर कतार कम नहीं हो पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में एजेंसी व गोदामों पर न तो टोकन सूची चस्पा है और न ही बुकिंग स्लाट की व्यवस्था है। ऐसे में उपभोक्ता भोर से ही एजेंसी के सामने सिलिंडर रखकर लाइन लगाने को विवश हैं। दंदाव मार्ग पर कौशल भारत गैस ग्रामीण वितरक महराजगंज तराई का शोरूम व गोदाम एक ही स्थान पर है।बुधवार को तेज धूप में उपभोक्ता सिलिंडर रखकर छांव में अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे। नानमून निवासी महादेव गोसाई ने बताया कि गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। सुबह छह बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी नंबर नहीं आया है। वहीं, साहेब नगर के रहने वाले सगीर ने बताया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना का कनेक्शन लिया था। अब बताया जा रहा है कि केवाईसी नहीं है। यहां बताया जा रहा है कि सर्वर नहीं चल रहा है। अब बिना केवाईसी के गैस बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। ऐसे में लकड़ी के चूल्हे पर भोजन पकाना पड़ रहा है।