शेरकोट। केंद्र सरकार के निर्देश पर चल रहे मकानगणना अभियान ने नगर क्षेत्र में अब गति पकड़ ली है। नगरपालिका परिषद शेरकोट के निर्देशन में गठित सर्वे टीमें लगातार घर-घर जाकर मकानों से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्र कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र के प्रत्येक मकान का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि भविष्य की विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।read more:https://pahaltoday.com/nhm-contract-workers-started-symbolic-protest-by-tying-black-ribbons/मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ला काजियान में व्यापक स्तर पर सर्वे अभियान चलाया। गणनाकर्मी प्रगति दीक्षित ने बताया कि सहयोगी बबीता राजपूत और रेणु चौहान के साथ मिलकर उन्होंने क्षेत्र में घर-घर जाकर मकानों की संख्या, परिवारों की स्थिति और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज कीं। इस दौरान करीब 80 मकानों का सर्वे पूरा किया गया। सर्वे टीम ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए मकानगणना की उपयोगिता और इसके लाभों की जानकारी भी दी। अधिकांश स्थानों पर लोगों ने टीम को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराईं, जिससे सर्वे कार्य सुचारु रूप से संपन्न हुआ। प्रगति दीक्षित के अनुसार प्रतिदिन किए जा रहे सर्वे का पूरा विवरण संबंधित सुपरवाइजर को सौंपा जाएगा। इसके बाद अंतिम रिपोर्ट नगरपालिका परिषद शेरकोट को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया और आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान पूरा करने के लिए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों की तैनाती की गई है। आने वाले दिनों में अन्य मोहल्लों में भी इसी प्रकार घर-घर जाकर मकानगणना का कार्य जारी रहेगा।