नई दिल्ली। देशभर में वर्तमान समय मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है।एक ओर राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ओले, तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। इस दौरान बिहार, महाराष्ट्र और केरल में आंधी-तूफान व बिजली गिरने से कुल 15 लोगों की दुखद मौत हो गई। राजस्थान का बाड़मेर 48.3 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। फलौदी, चित्तौड़गढ़ और बीकानेर जैसे अन्य शहरों में भी पारा 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। वहीं उत्तर प्रदेश के संभल में बुधवार को दिन में अचानक अंधेरा छा गया और तेज धूल भरी आंधी चली, जबकि मेरठ में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य के 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, लेकिन निवाड़ी के बीजौर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। हरियाणा के पिनगवा में भी ओलावृष्टि हुई, जबकि पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और गुरुग्राम में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम की इस अप्रत्याशितता के कारण बिहार के जमुई और बांका में बिजली गिरने से एक बच्चे सहित 5 लोगों ने जान गंवा दी। महाराष्ट्र के सांगली में तेज आंधी से मंदिर की दीवार ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं केरल के मलप्पुरम में भी बिजली गिरने से 4 लोगों की जान चली गई। आगामी दो दिनों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में बारिश व तेज हवाओं का अनुमान है, जबकि राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। इन सबके बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस हफ्ते के अंत तक अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह तक पहुंच सकता है, जो सामान्य समय से पहले है और राहत की उम्मीद जगा रहा है।