जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं जन समस्याएं

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें राजस्व, जीडीए, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों और शिकायतों पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कई मामलों का तत्काल समाधान कराया। साथ ही अन्य मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें।जनता दर्शन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी लाइव मॉनिटरिंग भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 से 12 बजे तक आम जनता की शिकायतें सुनें और इस दौरान जूम के माध्यम से उपलब्ध रहें। इससे शिकायतकर्ताओं को संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है और समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने जूम के जरिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सीधा संपर्क कर उन्हें शिकायतों की जानकारी दी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस प्रक्रिया से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे शिकायतकर्ताओं को राहत मिली। जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहले संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क करें। यदि वहां संतोषजनक निस्तारण नहीं होता है, तो वे जनता दर्शन में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय और एडीएम एलए अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा समस्याओं के समाधान में तेजी आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *