सोनभद्र। पूर्वांचल पत्रकार एकता समिति के पदाधिकारी ने गुरूवार को जिलाध्यक्ष जीतेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में जनपद के नवागत जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट की, इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।read more:https://pahaltoday.com/ek-umeed-ngo-organised-a-village-meeting-in-rataniyapur-of-derapur-along-with-education-awareness-and-distribution-of-materials/
संगठन की ओर से जिलाधिकारी को पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही जनपद के समग्र विकास के लिए सफल कार्यकाल की कामना की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष जीतेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिले की जमीनी समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। संगठन ने कहा कि बकरीहवा से बीजपुर तक का संपर्क मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में है, जिससे आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मारकुंडी स्थित टोल प्लाजा को नगर पालिका क्षेत्र से हटाने की मांग भी दोहराई गई। प्रतिनिधिमंडल ने राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे साफ-सफाई की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। गेहूं क्रय केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर इशारा करते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की गई। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में निजी स्कूलों द्वारा एनसीईआरटी की पुस्तकों के बजाए महंगी निजी किताबें लागू किए जाने से अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा भी उठाया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी समिति ने चिंता जताई। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी के चलते आमजन को समुचित इलाज न मिलने की बात कही गई और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की गई। अंत में संगठन ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि प्रस्तुत सभी बिंदुओं पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से सूचना विभाग में एलईडी न लगने की बात भी कही, इस पर डीएम ने तत्काल सहायक सूचना अधिकारी विनय सिंह को निर्देशित करते हुए कहा कि सूचना विभाग में एलईडी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। इस दौरान जिलाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता के अलावा विद्यु शेखर मिश्रा, अर्जुन सिंह, अनूप श्रीवास्तव, राकेश सिंह, कृपा शंकर पांडेय, कामेश्वर विश्वकर्मा, विकास हलचल, कन्हैया यादव, मनोज वर्मा, विशाल टंडन आदि लोग उपस्थित रहे।