पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विकासखंड मलासा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंगदपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।ग्राम चौपाल के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क, आवास, शौचालय, राशन कार्ड, पेंशन, मनरेगा कार्य, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, वृद्धावस्था/विधवा/दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, राशन वितरण प्रणाली सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग में आवेदन करें।उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर नियमित रूप से जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की सतत निगरानी की जाए। साथ ही स्वच्छता, जल संरक्षण और पौधरोपण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान हेतु मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, और इसके लिए प्रशासन निरंतर ग्राम स्तर पर संवाद स्थापित कर रहा है।