गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, छात्रों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान आम, अमलतास, जामुन, गुलमोहर, नीम समेत 150 से अधिक पौधे लगाए गए। पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दिया। प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पौध भेंट कर किया। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे मिशन का उद्देश्य केवल गंगा को स्वच्छ बनाना नहीं, बल्कि उसके तटों और आसपास के क्षेत्रों को हरित एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाना भी है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है” और हर नागरिक को इस अभियान से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में योगदान देना चाहिए। मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” तथा “मिशन लाइफ” अभियान आज देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले रहा है।read more:https://pahaltoday.com/pm-modi-calls-for-women-empowerment-calls-women-reservation-a-historic-opportunity/उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि मानव अस्तित्व की आवश्यकता बन चुका है। युवाओं को आगे आकर इस मुहिम का नेतृत्व करना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण सबसे जरूरी है। उन्होंने बढ़ते वायु प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सांस और हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं तथा पेड़-पौधे प्राकृतिक वेंटिलेटर की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने घोषणा की कि मेडिकल कॉलेज का प्रत्येक छात्र आज से एक पौधे का अभिभावक बनेगा और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाएगा। गोष्ठी के दौरान मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और गंगा स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। छात्रों ने पोस्टर प्रदर्शनी एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों, छात्रों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से गंगा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य यादव ने सभी आगंतुकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य डॉ. नीरज पांडेय, भाजपा नेता कार्तिक गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।