गाजीपुर जमानियां । कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव में 14 वर्षीय किशोर राजू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हत्या का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ जाम कई घंटों तक जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सड़क पर ईंट-पत्थर और पेड़ की टहनियां डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। मृतक की पहचान देवरिया निवासी राजू (14) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि राजू की गला दबाकर हत्या की गई है। मृतक के पिता दिनेश यादव ने बताया कि उनका बेटा तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पहले पड़ोसी गांव के दो लोग राजू को किसी काम के बहाने अपने साथ ले गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह एक निजी एंबुलेंस से राजू का शव गांव के पास लाकर छोड़ दिया गया और उसमें सवार लोग फरार हो गए। संदेह होने पर ग्रामीणों ने शव समेत एंबुलेंस को पकड़ लिया। पिता ने बताया कि राजू के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से मां ममता का रो-रोकर बुरा हाल है।read more:https://khabarentertainment.in/bajrang-dal-led-by-vishwa-hindu-parishad-held-a-nationwide-protest-against-the-distorted-jihadi-mentality/ सूचना मिलते ही तहसीलदार राम नारायण वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।