गाजीपुर। जनपद के प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता और गति लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मंगलवार को तहसील सैदपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न न्यायालयों और कार्यालयों में पहुंचकर अभिलेखों की स्थिति, कार्यप्रणाली और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया।डीएम ने उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय एवं न्यायिक तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण करते हुए लंबित प्रकरणों और उनके निस्तारण की प्रगति के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही खतौनी कम्प्यूटर कक्ष में डिजिटल अभिलेखों की स्थिति का अवलोकन करते हुए अद्यतन रख-रखाव के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान संग्रह कार्यालय और रिकॉर्ड रूम भी डीएम के फोकस में रहा, जहां उन्होंने लंबित पत्रावलियों, ऑनलाइन आरसी, स्टाम्प रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा और खतौनी जैसे महत्वपूर्ण अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख व्यवस्थित, अद्यतन और सुरक्षित रखे जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए कर्मचारियों को चेताया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार सैदपुर, नायब तहसीलदार समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।