सोनभद्र। सड़क अनुशासन और दुर्घटनाओं में कमी लगाने के उद्देश्य से गुरूवार को चलाए गए विशेष अभियान में सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा के पास ट्रकों पर लगे 130 अवैध हूटर व लाउडस्पीकर हटवाकर उनका विनष्टीकरण कराया। हालांकि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान भी कई माल वाहक वाहनों समेत यात्री बसें, तेज स्वर में प्रेशर हार्न बजाते फर्राटा भरते नजर आए।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ट्रकों के केबिन के बाहर लगे तेज आवाज वाले उपकरणों के खिलाफ सख्ती बरती गई। पुलिस के अनुसार इन हूटर और लाउडस्पीकर के जरिए चालक तेज व अशोभनीय गीत बजाए जाते थे, जिससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलता है बल्कि वाहन चालकों का ध्यान भंग होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। अभियान के दौरान ट्रक मालिकों व चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने और ऐसे उपकरणों का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उधर पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने जनहित में बताते हुए प्रेशर हार्न लगे वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाकर कार्रवाई की गुरारिश की है।