कई राज्यों में 100 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी, मूसला धार होगी बारिश

नई दिल्ली। देश के विभिन्न राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक गंभीर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 48 घंटों के भीतर देश के कई हिस्सों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की विनाशकारी रफ्तार से आंधी-तूफान आने की आशंका है। इसके साथ ही कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2-3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दस्तक देने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बन चुकी हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 28 मई को लू का हल्का असर रहेगा, लेकिन 29 मई को मौसम रौद्र रूप अख्तियार कर सकता है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 29 और 30 मई को 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल आशंका है। उत्तर प्रदेश में 28 मई को धूल भरी आंधी और लू चलेगी, जिसके बाद 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80-100 किमी/घंटे और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60-80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान यूपी के कई हिस्सों में ओले गिरने और पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की आशंका है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश बिहार में प्री-मॉनसून गतिविधियां बेहद उग्र हो गई हैं। राज्य में 28 और 29 मई को भारी बारिश के साथ 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।read more:https://pahaltoday.com/weather-scorching-heat-in-some-parts-of-the-country-heavy-rain-warning-in-others/ झारखंड में भी 28 मई से 1 जून तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा, जहां 28 से 30 मई के दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी/घंटे रह सकती है। उधर पश्चिम बंगाल में 28 मई को 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से भयंकर तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि सिक्किम और हिमालय से सटे इलाकों में भी अगले दो दिन रुक-रुक कर बारिश होगी। पहाड़ी राज्यों और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ का हाल मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी मौसम तेजी से बदलेगा। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 28 और 29 मई को 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आ सकता है, जबकि 29 मई को उत्तराखंड में भारी बारिश का विशेष अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में भी 28 से 30 मई के बीच बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की बात करें तो 28 मई को पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, 29 और 30 मई को पूरे मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी 28 मई को लू के बाद 29 मई को ओले गिरने और अगले तीन दिनों तक तेज अंधड़ के साथ बारिश होने के आसार हैं। तापमान में आएगी भारी गिरावट इस देशव्यापी आंधी और बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश तक के लोगों को उमस भरी तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है। 28 से 30 मई के बीच इन क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी 2 जून तक तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 31 मई से तापमान में एक बार फिर 4 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *