गाजीपुर। आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (UPSI) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।आज दिनांक 12 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक डा० ईरज राजा गाजीपुर द्वारा थाना मरदह क्षेत्र के अंतर्गत शांति निकेतन इंटर कॉलेज, बरही स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने केंद्र परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। साथ ही केंद्र की चहारदीवारी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी देखा।उन्होंने थाना प्रभारी मरदह तथा केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखी जाए और ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसके अलावा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया सेल और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को समय रहते रोका जा सके।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा में व्यवधान डालने वाले असामाजिक तत्वों तथा सॉल्वर गैंग के खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।