गाजीपुर। कासिमाबाद ब्लॉक के सिदउत ग्राम पंचायत में समाजसेवी विंध्याचल सिंह के तत्वावधान में साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को साड़ी वितरित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में गरीब एवं जरूरतमंद महिलाएं उपस्थित रहीं।मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद शिव प्रताप सिंह ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करना समाज के हर सक्षम व्यक्ति का पुनीत कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति थोड़ा-थोड़ा सहयोग करे तो कई जरूरतमंद परिवारों की जिंदगी में खुशियां लाई जा सकती हैं। छोटे-छोटे प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ी राहत और मुस्कान दे सकते हैं।आयोजक विंध्याचल सिंह ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि गरीब और असहाय लोगों को मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि इस साड़ी वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।साड़ी प्राप्त कर महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। महिलाओं ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सहायता उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के अंत में आयोजक विंध्याचल सिंह ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर धनंजय चौबे, नीतीश उपाध्याय, आलोक पांडेय, शुभाशु मिश्र, शुभम सिंह, मनोज सिंह, चंद्रभान सिंह, धनंजय ओझा, मयंक राय, मोती चौहान, स्वदेश सिंह, अच्छेलाल पासवान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र नाथ राय ने किया।