गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित यू एस मेमोरियल पब्लिक स्कूल, नेवादा झुमिला के कक्षा 4 के छात्र शिवानंद पाण्डेय ने अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने पूरे जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। शिवानंद ने प्रदेश स्तर पर 268वां और पूरे भारत में 344वां स्थान हासिल किया है।इस उपलब्धि ने न केवल स्कूल परिसर को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है। शिवानंद ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी बड़े मंचों पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। इतनी कम उम्र में यह बड़ी उपलब्धि प्रेरणादायक है।विद्यालय के प्रबंधक दिलीप मिश्रा ने इस सफलता पर छात्र शिवानंद को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक छात्र की सफलता नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। मिश्रा ने शिवानंद को विद्यालय के लिए गौरव और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापकों ने भी शिवानंद पाण्डेय को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने बताया कि शिवानंद शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी, अनुशासित और जिज्ञासु छात्र रहा है। उसकी यह सफलता उसकी निरंतर मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का संयुक्त परिणाम है।छात्र की इस उपलब्धि से उसके परिवार में भी अपार खुशी का माहौल है। परिजनों ने इसे ईश्वर की कृपा, बच्चे की लगन और शिक्षकों के आशीर्वाद का फल बताया। क्षेत्र के लोगों ने भी शिवानंद को बधाई देते हुए कहा कि उसने न केवल अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे इलाके को सम्मान दिलाया है।विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी बच्चों को बेहतर शिक्षा, प्रतियोगी माहौल और नैतिक संस्कार देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।