नोएडा । कांग्रेस की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार तड़के 4 बजे नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया।वह लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं और उनकी गिनती कांग्रेस के उन कद्दावर नेताओं में होती थी जो गांधी परिवार के बेहद भरोसेमंद माने जाते थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को आज बुधवार दोपहर तीन बजे उनके नोएडा स्थित सेक्टर-40 आवास से अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा। शाम करीब 5 बजे उन्हें दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। किदवई का राजनीतिक करियर बेहद शानदार रहा; उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं और हज कमेटी की अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। वे कई बार सांसद चुनी गईं और कांग्रेस संगठन में महासचिव, कांग्रेस कार्य समिति तथा केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। सांसद मनीष तिवारी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक शालीन और समर्पित राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमती किदवई के व्यक्तित्व में सरलता और विनम्रता का अनूठा संगम था और उनके चेहरे पर हमेशा रहने वाली आत्मीय मुस्कान उनकी पहचान थी। उनके निधन को कांग्रेस पार्टी और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए तिवारी ने कहा कि देश की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मोहसिना किदवई ने अपने लंबे राजनीतिक सफर में न केवल महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की, बल्कि संगठन को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई।