सीट नं. 71, वह भी आरएएसी, न बाबा न!

डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा 

गाड़ी छूटने में अभी पंद्रह मिनट बाकी थे और मैं प्लेटफार्म पर ऐसे टहल रहा था जैसे बकरे को ईद से पहले आखिरी बार टहलाया जाता है। जेब से टिकट निकालकर मैंने तीसरी बार देखा। नंबर वही, बोगी वही, और वह कुख्यात कोना भी वही था जहाँ पहुँचकर आदमी को अपने पूर्वजों के कर्मों पर शक होने लगता है। रेल विभाग ने शायद ब्रह्मांड के सारे बचे-खुचे पापों की ईएमआई वसूलने के लिए उस जगह सीट नं. 71 साइड लोअर का आविष्कार किया होगा।मैं जब वहाँ पहुँचा तो लगा किसी ने इंसानों के लिए नहीं, कबाड़ की बोरियों के लिए सीट बनाई है। आधी जगह पर एक राजस्थानी भाई साहब पहले से पालथी मारे जमे थे। मूँछें ऐसी कड़क जैसे दो नेवले आपस में कुश्ती लड़ने की पोजीशन में हों। मुझे देखते ही कबीलाई अंदाज़ में बोले, “आओ सा, बैठ जाओ। यहाँ आदमी नहीं बैठता, आदमी की केवल उम्मीद बैठती है।” मैं अभी इस भारी-भरकम फिलॉसफी पर विचार ही कर रहा था कि एक तमिल युवक भी वहाँ आ टपका। उसने पहले सीट देखी, फिर हमें देखा, फिर सीधे ऊपर वाले को देखा और रोनी सूरत बनाकर बोला, “अय्यो, हम किधर बैठेगा।” तभी पीछे का जादुई दरवाजा खुला। एक झोंका आया। फिर दूसरा आया। फिर तीसरा आया। तीनों झोंकों ने मिलकर मेरे जीवन की सारी पुरानी यादों का दूरदर्शन पर लाइव री-टेलीकास्ट शुरू कर दिया। मुझे पहली कक्षा की वो मारकुटानी मास्टरनी याद आ गई। गाँव का वो कीचड़ भरा पोखरा याद आ गया। बचपन में नाली में खोया हुआ लट्टू याद आ गया। इतनी तीव्र और भयानक अनुभूति तो ऋषियों को घोर तपस्या में भी न हुई होगी। राजस्थानी भाई ने तुरंत जेब से रूमाल निकाला, उसे डिटॉल की तरह नाक पर बाँधा और बोले, “म्हारे यहाँ ऊँट के तबेले में भी इतनी आत्मीयता और खुशबू नहीं मिलती सा!” तमिल युवक तड़पकर बोला, “हमारे गाँव में मछली बाजार है भाई, पर वहाँ भी हवा अपनी मर्यादा में रहती है।”गाड़ी चली और हमारी रही-सही इज्जत का कचरा होना भी शुरू हुआ। पहला यात्री आया, उसने हमारी बदहाल हालत को देखा, एक कुटिल मुस्कान दी और आगे बढ़ गया। दूसरा आया, उसने हमें देखकर ऐसे सिर हिलाया जैसे किसी भयानक एक्सीडेंट स्पॉट का मुआयना कर रहा हो। तीसरा आया, उसने जेब से फॉग का डब्बा निकाला, फिर हमारी शक्लें देखकर न जाने क्या सोचा और चुपचाप जेब में रख लिया। शायद उसे लगा कि टीवी के विज्ञापन तो सब फेकमफाक होते हैं, यहाँ तो साक्षात यमराज की हवा चल रही है।कुछ ही देर में हमारी वह सीट सार्वजनिक चौपाल और लावारिस बस स्टैंड में बदल गई। कोई हमारे कंधे पर कोहनी रखकर खड़ा था, कोई अपना भारी-भरकम पेट हमारे सिर पर टिकाकर रील सरका रहा था। कोई हमारे घुटनों को रेल मंत्रालय की लावारिस संपत्ति समझकर उन पर पैर रखकर सुस्ता रहा था।तभी एक बच्चा अपनी मम्मी से बोला, “मम्मी, ये तीनों अंकल सो क्यों नहीं रहे?”मम्मी ने बड़े गंभीर लहजे में कहा, “बेटा, ये लोग सो नहीं रहे, ये जीवन का कड़वा अनुभव ले रहे हैं।”मैंने जिंदगी में पहली बार महसूस किया कि साला दुख भी कभी-कभी टूरिस्ट स्पॉट बन जाता है, जहाँ लोग आते हैं, आपको तड़पता देखते हैं और अपनी किस्मत को दुआ देकर चले जाते हैं।रात जैसे-जैसे गहरी हुई, हमारा वो कोना किसी इंटरनेशनल बॉर्डर की चौकी बन गया। जो भी उधर टॉयलेट की तरफ जाता, चेहरे पर वीर रस के भाव लेकर जाता। और जो उधर से लौटता, वो किसी हारी हुई जंग को जीतकर लौटे विजयी सेनापति की मुद्रा में मुस्कुराता। हर बार दरवाजा खुलता और हवा का एक नया बदबूदार अध्याय शुरू हो जाता। हमारी आँखें जल रही थीं, घुटने कराह रहे थे और कमर तो बाकायदा पंचायत बुलाने की जिद पर अड़ी थी। रात के दस बजते-बजते हमारी सीट रेलवे की बोगी कम और देश का जीवंत लोकतंत्र ज़्यादा लगने लगी। जिस ऐरे-गैरे का मन होता, वह हमारे पास आता, अपना हक जताता और चला जाता। एक अजनबी चाचा जी आए और बिना किसी हाय-हेलो के हमारी सीट पर अपना बदबूदार गमछा फैला गए। पाँच मिनट बाद लौटे और रौब से बोले, “जरा ध्यान रखना भाई साहब, यह मेरा तकिया है।” मैं उन्हें फटी आँखों से देखता रह गया। आदमी पहली बार मिला था और जाते-जाते मुझे अपनी चल-संपत्ति का परमानेंट चौकीदार नियुक्त कर गया था। उधर एक और नमूना युवक आया। उसने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया। प्लग बहुत दूर था, मोबाइल हमारे पास था।read more:https://pahaltoday.com/consumers-booked-for-gas-refill-booking/नतीजा यह हुआ कि चार्जर की वो पतली तार हम तीनों की गर्दनों के ठीक ऊपर से कपड़े सुखाने वाली रस्सी की तरह गुजर रही थी। हम तीनों गर्दन झुकाए ऐसे बैठे थे जैसे किसी मकड़ी ने ताज़ा-ताज़ा जाला बुना हो और हम उसमें फँसी हुई लाचार मक्खियाँ हों, जो हिलेंगी तो सीधे हलाल हो जाएँगी। राजस्थानी भाई खिसियाकर बोले, “म्हारे खेत में जो बिजूका खड़ा रहता है, वो भी इससे ज्यादा सम्मान पाता है सा।”तमिल युवक बिलबिलाकर बोला, “यह सीट नहीं है, यह हमारे पिछले सात जन्मों के पापों का कलेक्टिव रिजल्ट है।” तभी एक और बुजुर्ग अवतार लिए। उन्होंने हमारे पैरों के ठीक बीच में पुराना अखबार बिछाया और सुल्तान की तरह उस पर बैठ गए। फिर जेब से मुरमुरे का लिफाफा निकाला और निशाना साधकर खाने लगे। हर तीसरा मुरमुरा मेरी शर्ट की जेब में गिर रहा था, हर चौथा तमिल भाई की गोदी में और पाँचवाँ बमुश्किल उनके खुद के मुँह में जा रहा था। पूरा डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम बिगड़ा हुआ था। आधी रात तक हमारी दशा ऐसी हो गई कि शरीर का कोई भी अंग अपने मूल मालिक के कंट्रोल में नहीं था। मेरा बायाँ घुटना राजस्थानी भाई के क्षेत्राधिकार में चला गया था। उनकी कोहनी तमिल युवक की सीमाओं में घुसपैठ कर चुकी थी। तमिल युवक का भारी बैग मेरे पेट पर वीटो पावर लगाकर बैठ गया था। हम तीनों मिलकर एक मजबूर संयुक्त परिवार बन चुके थे। इसी बीच फिर वही खूनी दरवाजा खुला और बदबू की एक नई सुनामी लहर आई।राजस्थानी भाई ने तुरंत रूमाल को और कस लिया।तमिल युवक ने तंग आकर अपनी आँखें ही बंद कर लीं।और मैंने हाथ-पैर ढीले छोड़कर जीवन के असली अर्थ पर गहराई से विचार करना शुरू कर दिया।तभी एक सज्जन एक्सप्रेस की रफ्तार से तेज कदमों से आए, ट्रेन का थोड़ा सा संतुलन बिगड़ा और वो महाशय सीधे मेरी गोद में आ गिरे। उठकर कपड़े झाड़ते हुए बोले, “माफ करना भाई, अचानक ब्रेक लग गया।”मैंने चिढ़कर कहा, “भाई साहब, गाड़ी तो साठ की स्पीड पर सीधी चल रही है!”वह बड़े ढीठ अंदाज़ में बोले, “अच्छा? तो फिर शायद मेरी किस्मत फिसल गई होगी।”उस रात हमारी किस्मत इतनी बार फिसली कि गिनती भूल गई। किसी की कटी हुई चप्पल हमारे नीचे फँसी, किसी की पानी की आधी खुली बोतल हमारे पैरों में लुढ़ककर पानी-पानी कर गई। किसी का लावारिस टूथब्रश न जाने कैसे तमिल युवक के खुले बैग में सीधे लैंड कर गया।हमारे ठीक सामने वाली बर्थों पर दो बंदे हमें बार-बार घूर रहे थे। फिर चादर ताने खर्राटे लेने लगे। उसकी नींद जितनी गहरी और कुंभकरणी थी, हमारी जिज्ञासा उतनी ही सातवें आसमान पर पहुँच रही थी। वे सोने के दौरान भी बार-बार मुस्कुरा क्यों रहे थे? उनके चेहरे पर ऐसा अजीब आत्मविश्वास क्यों था जैसे किसी डाकू ने पूरी बैंक की तिजोरी अकेले लूट ली हो और पुलिस उसका कुछ न बिगाड़ पाई हो?सुबह हुई। जब टीटीई आया और उसने हमारी टिकटें चेक करके जो असली सच्चाई बताई,  कसम से हमारी हालत उस गरीब किसान जैसी हो गई जिसे अचानक पता चले कि जिस ज़मीन को वो बंजर और बकवास समझकर रात भर रो रहा था, उसके नीचे तो सोने की पूरी खदान दबी पड़ी थी!वो सामने वाले चालाक युवक रात भर जिस पूरी की पूरी कंफर्टेबल बर्थ पर राजा और शहंशाह बनकर सोए थे, वो वास्तव में हमारी थी।जी हाँ, हम तीनों सीट कंफर्म हो चुकी थी!यह सुनते ही पूरी बोगी में पहले दो सेकंड का सन्नाटा छाया, और फिर ऐसा भयानक ठहाका गूँजा कि ऊपर वाली बर्थ पर सो रहा पैसेंजर भी भूकंप के डर से हड़बड़ाकर उठ बैठा।राजस्थानी भाई ने तुरंत उन युवकों के सामने हाथ जोड़ लिए और बोले, “महाराज, आप लोगों की यह गहरी नींद अमर रहे।”तमिल भाई तालियाँ बजाते हुए बोले, “भाई, तुम लोगों  ने जो सुख भोगा है, उस पर तो इतिहास में अलग से चैप्टर लिखा जाएगा।”वे युवक पहले तो शर्म से लाल-पीले हुए, फिर खुद ही बेशर्मों की तरह हँसने लगे। फिर उसे देखकर पूरी बोगी पागलों की तरह हँसने लगी। मैं शर्ट पर पड़े मुरमुरे झाड़ते हुए खिड़की के बाहर देख रहा था और सोच रहा था कि इस देश की रेल यात्रा में सबसे महँगी चीज़ टिकट का किराया नहीं होती बॉस, सबसे महँगी चीज़ होती है सही ‘जानकारी’। जिस रात वो जानकारी हमारे पास नहीं थी, उसी एक रात में हमने बिना एक भी रुपया फीस दिए भारतीय रेल से ‘पीएचडी’ का पूरा कोर्स टॉप रैंक के साथ पूरा कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *