अफवाहों से बढ़ी खपत, गाजीपुर में पेट्रोल-डीजल व गैस की कोई कमी नहीं: जिला पूर्ति अधिकारी

गाजीपुर । जनपद गाजीपुर में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के चलते अचानक खपत में वृद्धि हुई है, जबकि वास्तविक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।जारी आंकड़ों के अनुसार 28 मार्च 2026 को जनपद में 1209 केएल पेट्रोल तथा 1493 केएल डीजल उपलब्ध है। वहीं 27 मार्च को 343 केएल पेट्रोल और 644 केएल डीजल की बिक्री हुई, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग डेढ़ गुना अधिक है। 25 मार्च को यह आंकड़ा क्रमशः 255 केएल पेट्रोल और 438 केएल डीजल था, जिससे स्पष्ट है कि अचानक मांग में वृद्धि अफवाहों के कारण हुई।घरेलू गैस की स्थिति भी सामान्य है। 28 मार्च को 19250 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। 27 मार्च को 9939 सिलेंडर की बिक्री और 8251 सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई। वहीं पिछले वर्ष 27 मार्च 2025 को 9900 सिलेंडर की बिक्री और 9884 की बुकिंग हुई थी।आईओसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बताया कि पिछले दो दिनों में एलपीजी बुकिंग में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो स्थिति सामान्य होने का संकेत है। जिन एजेंसियों पर बुकिंग का दबाव अधिक है, वहां अतिरिक्त आपूर्ति भेजी जा रही है।
प्रशासन के अनुसार 19 एवं 20 मार्च को पेट्रोल-डीजल की बिक्री सामान्य स्तर पर थी, लेकिन 27 मार्च को अफवाहों के कारण असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद जनपद में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति लगातार जारी है।जनपद में कुल 5 पेट्रोल पंप बंद हैं, जिनमें एक वित्तीय कारणों से, एक लाइसेंस समाप्त होने के कारण, एक स्वामित्व विवाद, एक न्यायालय के आदेश तथा एक कंपनी-प्रोपराइटर विवाद के कारण बंद है। शेष सभी पंप सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं।जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस की खरीद करें तथा अनावश्यक संग्रहण से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था गैलन, ड्रम या अन्य पात्रों में अवैध रूप से ईंधन का भंडारण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *