जल जीवन मिशन की लापरवाही से टूटी सड़क

म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत खैराही में जल जीवन मिशन (नमामि गंगे) के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे खोदकर पाइपलाइन डाली गई, लेकिन कार्य के बाद ठीक से मरम्मत न होने के कारण पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सड़क करीब 25 वर्षों बाद बनवाई गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में उसकी हालत फिर से खराब हो गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क अब पहले जैसी नहीं रही, जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आने-जाने में दिक्कत हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। युवा समाजसेवी प्रशांत दुबे (बाबा) ने कहा कि अगर विकास कार्यों के नाम पर इस तरह सड़कों को नुकसान पहुंचाया जाएगा तो गांव की बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह चैपट हो जाएंगी। अमेरिका, बुधई, अशोक, जब्बार, शिवप्रसाद, रामइकबाल, फिरोज, सियाराम, आजाद, विनोद, कुसुमलता, छोटेलाल, विजय सहित दर्जनों ग्रामीणों ने विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं जीवीपीआर कंपनी के अभियंता सुधीर कुमार का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को भरवा दिया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई और सड़क को पुनः दुरुस्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *