बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों के कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, राजस्व वसूली, स्वच्छता व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा सेग्रीगेशन, कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली, राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि के उपयोग, पेयजल पुनर्गठन योजना, अवैध अतिक्रमण, कान्हा गौ-आश्रय स्थल, नाला सफाई और स्वच्छ भारत मिशन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों को निर्देश दिए कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाते हुए छापेमार कार्रवाई सुनिश्चित करें और इसकी नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और घर-घर कूड़ा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। साथ ही, सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्यों की मॉनिटरिंग करें और समयबद्ध तरीके से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तौगी, सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।