गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के तहत महत्वपूर्ण राहत देते हुए शिक्षण संस्थानों द्वारा प्रोफाइल लॉक करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त से बढ़ाकर 8 अगस्त 2026 कर दी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए संस्थाओं द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की समय सीमा भी 22 जुलाई से बढ़ाकर 8 अगस्त 2026 तक कर दी गई है।
उन्होंने जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारिणी के भीतर अपने संस्थान का प्रोफाइल लॉक कराने की प्रक्रिया हर हाल में पूरी करें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। जिला समाज कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद लंबित रहने वाले मामलों की जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।