गाजीपुर जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण तब आया जब जनपद स्तरीय 34वें वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय रोवर-रेंजर समागम 2026 में महाविद्यालय की रेंजर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल व्याप्त हो गया।रेंजर टीम की इस सफलता के पीछे टीम प्रभारी डॉ. अमित कुमार और डॉ. उर्वशी दत्ता का कुशल मार्गदर्शन और सतत प्रयास महत्वपूर्ण रहा। उनके नेतृत्व में छात्राओं ने अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का बेहतरीन परिचय दिया। समागम के विभिन्न आयोजनों में टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रेंजर टीम ने न केवल महाविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि जनपद में उसकी प्रतिष्ठा को भी नई ऊंचाई दी है। भविष्य में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय को गौरवान्वित करते रहेंगे।इस अवसर पर डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. कंचन कुमार राय, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. संजय कुमार सिंह, विजय पांडेय, आदिल खान, अरमान अली, आशीष शीपू सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और टीम की सफलता पर बधाई दी।
यह उपलब्धि न केवल हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की प्रेरणादायक मिसाल भी है।