शक्तिनगर, सोनभद्र। लगातार हो रही बारिश ने एनटीपीसी द्वारा विस्थापित ग्राम परसवार राजा में व्यवस्थाओं की गंभीर स्थिति उजागर कर दी। बारिश के दौरान राशन सुरक्षित स्थान पर नहीं रखे जाने के कारण कई कुंतल खाद्यान्न पानी और नमी की चपेट में आकर खराब हो गए। राशन के बोरे भीगने से उनमें रखा अनाज बर्बाद होने की बात सामने आई है।ग्रामीणों के अनुसार, परसवार राजा में बारिश के चलते राशन खराब होने की यह तीसरी घटना है। बार-बार खाद्यान्न के भीगने के बावजूद उसके सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राशन को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखा जाता तो बड़ी मात्रा में खाद्यान्न को खराब होने से बचाया जा सकता था। बार-बार राशन के खराब होने की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर खराब हुए राशन का वास्तविक सत्यापन कराएं और यह जांच करें कि बार-बार खाद्यान्न बारिश की चपेट में क्यों आ रहा है। ग्रामीणों का सीधा सवाल है कि यदि यह वास्तव में तीसरी घटना है तो पिछली घटनाओं के बाद राशन को सुरक्षित रखने के इंतजाम क्यों नहीं किए गए।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
बैगा बस्ती में दो मकान धराशायी
परसवार राजा की बैगा बस्ती में भी बारिश आफत बनकर बरसी। रात के समय पानी भरने के कारण दो घर गिर गए। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि घरों में रखा अनाज भी पानी की चपेट में आने से खराब हो गया। मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और भोजन की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने और क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता दिलाने की मांग की है। एनटीपीसी द्वारा विस्थापित ग्राम होने के बावजूद यदि बारिश के मौसम में ग्रामीणों का राशन सुरक्षित नहीं रह पा रहा और गरीब परिवारों के मकान पानी के कारण धराशायी हो रहे हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।