सहारनपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को पुलिस लाइन स्थित पोलियो बूथ का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. प्रवीण कुमार ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों से अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील करते हुए कहा कि एक भी बच्चा छूटने पर अन्य बच्चों के लिए संक्रमण का खतरा बना रह सकता है। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनसामान्य के सहयोग से पोलियो उन्मूलन अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जनपद में वर्ष 2009 के बाद पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है, जबकि देश में वर्ष 2011 के बाद से पोलियो का कोई नया केस दर्ज नहीं हुआ है। यह उपलब्धि तभी कायम रह सकती है, जब प्रत्येक अभियान में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए।read more:https://pahaltoday.com/school-chalo-campaign-increased-awareness/उन्होंने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली लोगों से अपील की कि वे उन परिवारों को भी जागरूक करें, जो किसी कारणवश अपने बच्चों को पोलियो ड्रॉप नहीं पिलाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के 5,09,306 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमों को निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से पोलियो प्रतिरोधी परिवारों से संवाद स्थापित कर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एसएमओ डॉ. आनंद गौतम, अपर शोध अधिकारी विनोद कुमार, पीसीआई की गुलफशा, जेएसआई के शाने हैदर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने और शत-प्रतिशत बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का संकल्प लिया।