लखनऊ । राज्य सूचना आयुक्त डॉ दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि विश्व में इस समय युद्ध और तनाव का माहौल है।मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा ने दुनिया को एक संदेश दिया है। संदेश यह कि शांति व्यवस्था के माहौल में ही विकास और मानव कल्याण के कार्य हो सकते है। सिंगापुर और जापान के साथ हुए समझौतों से यह प्रमाणित हुआ। उत्तर प्रदेश में शांति का माहौल है। कानून व्यवस्था सुदृढ़ है। इसलिए यहां विकास कार्य सहजता के साथ आगे बढ़ रहे है। भारत ही नहीं दुनिया के निवेशक उत्तर प्रदेश को बेहतर गंतव्य के रूप में मानने लगे है। राज्य सूचना आयुक्त ने पीलीभीत में प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से संवाद किया। पीलीभीत के विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनपद के सर्वांगीण विकास पर संतोष व्यक्त किया। कहा कि इस विकास यात्रा में जन सूचना अधिकारियों को भी अपनी भूमिका का सक्रियता के साथ निर्वाह करना चाहिए। आवेदकों को समय पर जन सूचना प्रदान करना उनका दायित्व है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जन सूचना के माध्यम से जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान भी करना चाहिए।read more:https://pahaltoday.com/foundation-stone-laid-for-marriage-hall-in-nandankala/
राज्य सूचना आयुक्त ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे गांवों का भी अवलोकन किया। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी योजना का क्रियान्वयन हो रहा है। इसके लिए यहां नौ इको विकास समितियों का गठन किया गया है। इन्हें टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन के माध्यम से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। जिससे कम्युनिटी डेवलपमेंट, आजीविका बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे है। पीलीभीत में औद्योगिक विकास भी प्रगति पर है। अमरिया में एशिया का सबसे बड़ा खमीर प्लांट लग रहा है। औद्योगिक हब का विकास हो रहा है। शारदा सागर के पास पर्यटन विकास और नए बस स्टेशन का निर्माण भी शामिल है। शारदा सागर के किनारे पर्यटन केंद्र विकसित किया जा रहा है। जापान से ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश उत्तर प्रदेश में होगा। जापान की तकनीक यूपी के विकास में सहायक होगा। बौद्ध और रामायण सर्किट पर भी द्विपक्षीय सहयोग पर सहमति बनी। यूपी भारत की प्रमुख अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बन चुका है।